October 19, 2026

Crime Off News

News Portal

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छह मई को कपाट खुलने के अवसर पर धाम आ सकते हैं केदारनाथ

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छह मई को कपाट खुलने के अवसर पर केदारनाथ धाम आ सकते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मंगलवार को प्रस्तावित केदारनाथ दौरे को इससे जोड़कर देखा जा रहा है।

शासन-प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी

शासन में उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार अभी तक प्रधानमंत्री का कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं मिला है, लेकिन यदि वह आते हैं तो शासन-प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की केदारनाथ धाम के प्रति अगाध आस्था

देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव रखने वाले प्रधानमंत्री मोदी की केदारनाथ धाम के प्रति अगाध आस्था है। एक दौर में प्रधानमंत्री ने केदारनाथ के नजदीक ही साधना की थी।

केदारपुरी का पुनर्निर्माण उनके ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है और अब केदारपुरी नए कलेवर में निखर चुकी है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से मोदी को जब भी समय मिलता है, वह बाबा केदार के दर्शन को चले आते हैं।

मंगलवार को मुख्यमंत्री धामी का केदारनाथ दौरा

माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी इस बार भी छह मई को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर यहां आ सकते हैं।

इस बीच मंगलवार को मुख्यमंत्री धामी के केदारनाथ के प्रस्तावित दौरे और वहां यात्रा की तैयारियों का जायजा लिए जाने के कार्यक्रम को इससे जोड़कर देखा जा रहा है। यही नहीं, पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर भी सोमवार को केदारनाथ जा सकते हैं।

2019 में पीएम मोदी ने ध्‍यान गुफा में किया था ध्‍यान

गौरतलब है कि अपने केदारनाथ दौरे के दौरान 18 मई 2019 में पीएम मोदी ने ध्‍यान गुफा में ध्‍यान किया था। इसके बाद धाम में ध्यान गुफा के प्रति आकर्षण काफी बढ़ गया। यह ध्यान गुफा आठ गुणा दस फीट की है। वर्ष 2018 में गुफा का निर्माण नेहरू पर्वतोरोहण संस्थान ने किया था।

प्राकृतिक रूप से मौजूद इस गुफा में बिजली, पानी, संचार व शौचालय की सुविधा उपलब्ध है। बुकिंग करने पर निगम की ओर से एक समय का भोजन व चाय-नाश्ता किराये की राशि में ही उपलब्ध कराया जाता है।

news

You may have missed