October 23, 2026

Crime Off News

News Portal

संजय राउत को ED का समन, 28 जून को होगी पूछताछ

मुंबई, महाराष्ट्र में जारी सियासी उठापटक के बीच शिवसेना के सांसद संजय राउत को प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार को समन भेजा है। इसके तहत सांसद से कल यानि मंगलवार, 28 जून को पूछताछ की जाएगी। अप्रैल में ED ने संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत व उनके दो अन्य सहयोगियों के 11.15 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति को अटैच किया था।  पहले से ही मनी लान्ड्रिंग (Money Laundering)  के मामले में महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नवाब मलिक और पूर्व मंत्री अनिल देशमुख हिरासत में हैं और अब संजय राउत को भी समन किया गया है।

चाल के जमीन घोटाले से संबंधित है यह मामला

मुंबई के गोरेगांव इलाके में पात्रा चाल के जमीन घोटाला मामले में राउत पर लगभग 1034 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है। संजय राउत पर आरोप है कि इसी रकम से उन्होंने मुंबई के दादर इलाके में फ्लैट खरीदा था। राउत के सहयोगी प्रवीन राउत की 9 करोड़ रुपये और संजय राउत की पत्नी वर्षा की 2 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त हो चुकी है। बता दें कि यह जमीन महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवेलपमेंट अथारिटी का है।

महाराष्ट्र में जारी है सियासी संकट

महाराष्ट्र में जारी सियासी संकट अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। इस क्रम में शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई होगी। बता दें कि एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र विधानसभा के डिप्टी स्पीकर की ओर से भेजे गए अयोग्यता नोटिस के फैसले पर चुनौती दी है। इस बीच गुवाहाटी से ये भी खबर सामने आ रही है कि दोपहर 2 बजे एकनाथ शिंदे ने बागी नेताओं की बैठक बुलाई है। इस बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा हो सकती है। वहीं MNS प्रमुख राज ठाकरे ने एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के सियासी घटनाक्रम को लेकर भी फोन पर दो बार बातचीत की है।

news