काशीपुर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना और उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों का जवाब तथ्यों और प्रमाणों के साथ जनता के सामने रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री बुधवार को काशीपुर में आयोजित भाजपा के विधानसभा प्रभारी वर्ग एवं विस्तारक योजना वर्ग के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन एवं बांसुरी स्वराज और प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्रनाथ शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू करने, नकल विरोधी कानून बनाने, धर्मांतरण के विरुद्ध कानूनी प्रावधान मजबूत करने और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इन कदमों का उद्देश्य कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ शासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सशक्त बनाने, किसानों की आय बढ़ाने और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की अलग-अलग जरूरतों को देखते हुए विकास योजनाएं तैयार की जा रही हैं, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों तक भी सुविधाएं पहुंच सकें।
भ्रामक सूचनाओं का जवाब तथ्यों से देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान और शासन-प्रशासन की जवाबदेही सुशासन के प्रमुख आधार हैं।
विपक्ष के मुद्दों और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणियों का उल्लेख करते हुए धामी ने कहा कि लोकतंत्र में तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर संवाद होना चाहिए। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ चर्चा की जानी चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया को जनसंवाद का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि इसके जरिए सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की सही जानकारी जनता तक पहुंचाई जानी चाहिए। भ्रामक सूचनाओं का जवाब भी तथ्यों, प्रमाणों और संयमित भाषा में दिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाना सरकार का विकल्प रहित संकल्प है। सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में वरिष्ठ नेताओं ने विधानसभा प्रभारियों एवं विस्तारकों को संगठनात्मक कार्यों, जनसंपर्क और आगामी गतिविधियों के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
More Stories
सीएम धामी का बड़ा विकास पैकेज; सड़क, पुल, भवन और धार्मिक स्थलों के निर्माण को करोड़ों की मंजूरी
उत्तराखंड में विकास और स्वास्थ्य सेवाओं को रफ्तार, मुख्यमंत्री धामी ने 218 करोड़ की दी वित्तीय स्वीकृति
FDA आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देशों पर मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज, दून क्लब का हांडी रेस्टोरेंट बंद